संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। इंदिरा कॉलोनी में टाउन प्लानिंग (टीपी) योजना के तहत बनी दीवार नगर निगम की ओर से सोमवार को पुन: बना दी गई। इस मामले में शिकायत के बाद सोमवार को नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ पहुंची। दीवार निर्माण के दौरान दूसरी कॉलोनियों के लोगों ने विरोध करते हुए हंगामे का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बिगड़ने के बाद स्थिति संभाल ली।
इंदिरा कॉलोनी वेलफेयर सोसायटी में टीपी योजना के तहत दीवार बनी हुई थी। सोसायटी के पारस सेठी, कर्ण सेठी, कपिल चड्ढ़ा, विशाल नारंग सहित अन्य लोगों ने बताया कि तीन जुलाई को पटरी मोहल्ला के कुछ लोगों ने जबरन दीवार तोड़ दी। दीवार तोड़कर यहां गेट लगाकर निजी आवागमन के लिए रास्ता बना लिया था।
मामले की शिकायत कॉलोनीवासियों ने नगर निगम में की थी। शिकायत मिलने पर निगम अधिकारियों ने संबंधित पक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज और कानूनी अनुमति प्रस्तुत करने के लिए बुलाया गया। परंतु वे कोई दस्तावेज और अनुमति नहीं दिखाई। इसके बाद सोमवार को नगर निगम के एपीटी मानेश्वर के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने जब दीवार निर्माण का प्रयास किया गया तो लोगों ने हंगामा कर दिया और स्थिति पथराव की बन गई। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। मौके पर बूड़िया गेट चौकी के साथ थाना शहर जगाधरी प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। इससे पहले स्थिति बिगड़ती पुलिस ने मामला संभाल लिया। पुलिस बल की मौजूदगी में दीवार पुन: बनाकर रास्ता बंद कर दिया गया है।
थाना शहर जगाधरी प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कॉलोनी की दीवार तोड़ने व पुन:निर्माण को लेकर विवाद था। नगर निगम की ओर से दीवार बनाई जानी थी। कुछ लोग विरोध कर रहे थे। स्थिति खराब न हो इसलिए पुलिस बल तैनात किया गया था। दीवार का निर्माण कर दिया गया है और शांति है।