संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम ने खाली पड़ी जमीन और तालाबों को पट्टे पर देकर आय बढ़ाने की तैयारी की है। पांच से 25 नवंबर के बीच विभिन्न स्थानों पर बोलियां लगाकर नगर निगम की खाली जमीन व तालाबों को पट्टे पर दिया जाएगा। जमीन व तालाब को पट्टे पर देने से नगर निगम की आय में वृद्धि होगी। इससे शहर में विकास कार्य होंगे।
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के कई गांवों में कृषि योग्य खाली जमीन पड़ी है। इसके अलावा मछली पालन के लिए तालाब हैं। नगर निगम अपनी खाली जमीन को एक साल व तालाबों को दो साल के लिए पट्टे पर देगा। जमीन व तालाब को पट्टे पर देने के लिए नगर निगम करी ओर से खुली बोली का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि औरंगाबाद क्षेत्र की लगभग 14 एकड़ जमीन व दो तालाबों की बोली का आयोजन 5 नवंबर को सुबह 11 बजे औरंगाबाद सरकारी स्कूल में होगा। उसी दिन ईशोपुर क्षेत्र की 4 एकड़ 7 कनाल जमीन व एक तालाब की बोली ईशोपुर के सरकारी स्कूल में दोपहर बाद होगी। 6 नवंबर काे पता`शगढ़ के तालाब और मंडेबरी क्षेत्र में 4 एकड़ जमीन व एक तालाब की बोली सरकारी स्कूल मंडेबरी में होगी।
वहीं 7 नवंबर को पीर माजरा स्थित तालाब की बोली उसी गांव के सरकारी स्कूल में सुबह 11 बजे और दोपहर बाद तीन बजे रायपुर के सरकारी स्कूल में तीन एकड़ जमीन व तालाब की बोली लगाई जाएगी। इसी तरह 10 नवंबर को दौलतपुर व शादीपुर के सरकारी स्कूलों में, 11 नवंबर को पांसरा व ताजकपुर, 12 नवंबर को गढ़ी गुजरान व हबीबपुर, 13 नवंबर को ममीदी जोड़ियो व ससौली, 14 नवंबर को खेड़ी रांगड़ान व गधौली में बोली लगेगी।
इसके बाद 17 नवंबर को दड़वा व रटौली, 18 नवंबर को खेड़ा फार्म व भगवानगढ़, 19 नवंबर को मानकपुर व तेलीपुरा, 20 नवंबर को चनेटी व जड़ौदा, 21 नवंबर को मुबारकपुर, 24 नवंबर को तेजली व फर्कपुर और 25 नवंबर को कामीमाजरा व जामपुर के सरकारी स्कूलों में नगर निगम की जमीन व तालाबों की खुली बोली आयोजित की जाएगी। नगर निगम क्षेत्र में 32 तालाब व सौ एकड़ से अधिक जमीन है, जिसे पट्टे पर दिया जाना है।
बोली ने पहले जमा होगी धरोहर राशि : मेयर
मेयर बहमनी ने बताया कि बोली देने से पूर्व बोलीदाताओं को जमीन व तालाब की धरोहर राशि जमा करानी होगी। जमीन पट्टे पर लेने वाले सफल बोलीदाता को छोड़कर बाकी की धरोहर राशि वापस कर दी जाएगी। जमीन व तालाबों के पट्टे पर दिए जाने से उससे होने वाली आय से निगम क्षेत्र में लाखों के विकास कार्य होंगे। आमजन से अपील है कि वह खुली बोली में हिस्सा लेकर अपना कारोबार करें।