संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कलानौर-जगाधरी रोड पर बहरामपुर चौक के पास वीरवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में जिला सहारनपुर के गांव घाटहेड़ा निवासी 47 वर्षीय देवेंद्र कुमार की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार जोगिंद्र नगर निवासी 28 वर्षीय नवलेश कुमार घायल हो गया। सदर यमुनानगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव मेहरमाजरा निवासी गोपाल ने बताया कि देवेंद्र कुमार उसके मामा थे। वह छछरौली रोड पर चुना भट्ठी के पास निजी नौकरी करते थे। बुधवार को वह गोपाल से मिलने उसके गांव आए थे। वीरवार सुबह दोनों अपनी-अपनी मोटरसाइकिल से यमुनानगर के लिए निकले थे। देवेंद्र आगे चल रहे थे और वह पीछे था।
गोपाल के मुताबिक बहरामपुर चौक से आगे कलानौर की ओर से तेज गति से आए ट्रैक्टर चालक ने देवेंद्र की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। देवेंद्र सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर से निकल गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद ट्रैक्टर चालक ने एक अन्य मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी तो चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जगाधरी की ओर भाग गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम दोनों को सिविल अस्पताल यमुनानगर ले गई। वहां चिकित्सकों ने देवेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी कमलजीत ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।