प्रभातफेरी में भजनों पर थिरकते श्रद्धालु। संस्थान
यमुनानगर। बावा लाल दयाल महाराज का जन्मोत्सव वार्षिक दूज के रूप में 20 जनवरी को श्रीलाल द्वारा मंदिर में मनाया जाएगा। भव्य समागम का आयोजन होगा। जन्मोत्सव के लिए श्रद्धालुओं को आमंत्रित करने के उद्देश्य से प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं, जो श्रीलाल द्वारा प्रबंधक कमेटी के बैनर तले 14 जनवरी तक विभिन्न क्षेत्रों में निकाली जाएंगी।
शुक्रवार को प्रभात फेरी ईएसआई अस्पताल के सामने से तड़के साढ़े चार बजे आरंभ हुई। पंडित रजनीश शर्मा ने पूजा-अर्चना कर प्रभात फेरी का शुभारंभ करवाया। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रभात फेरी में शामिल हुए। प्रभात फेरी के दौरान महिला संकीर्तन मंडली की सदस्यों ने भजनों के माध्यम से बावा लाल दयाल महाराज का गुणगान किया। प्रबंधक कमेटी के प्रधान रमेश मेहता और वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि प्रभात फेरियां 10 जनवरी को प्रोफेसर कॉलोनी, 11 व 12 जनवरी को सेक्टर-17, 13 जनवरी को सुंदर नगर और 14 जनवरी को श्रीलाल द्वारा कॉलोनी में निकाली जाएंगी। उन्होंने बताया कि मंदिर में वार्षिक उत्सव की तैयारी जोरों पर है और इस अवसर पर अन्य जिलों व राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंचेंगे।
प्रभातफेरी में भजनों पर थिरकते श्रद्धालु। संस्थान