संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। वार्ड नंबर 13 की मुख्य गली में चल रहे स्ट्रीट लाइट बेस निर्माण कार्य और सुंदरीकरण कार्य को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए हैं। बीते शनिवार को जिला परिषद के पूर्व वाइस चेयरमैन अनिल संधू मोंटी के नेतृत्व में इस निर्माण कार्य का विरोध किया गया था और इस निर्माण कार्य को बंद कर गली की साइडों में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की थी।
इसके बाद रविवार को सिख समुदाय व अन्य लोगों के द्वारा मौके पर पहुंचकर इस निर्माण कार्य का समर्थन करते हुए कहा गया था कि यह रास्ता गुरुद्वारा पीर बुधु शाह,जैन मंदिर, मस्जिद आदि सहित बाजार को जोड़ता है। इसमें स्ट्रीट लाइटें लगाए जाने से गली में रोशनी होगी और सुंदरता बढ़ेगी। इसकी वजह से नगर की शोभा बढ़ेगी वहीं इन लोगों ने रास्ता संकरा होने की किसी भी संभावना को नकार दिया था।
वहीं तीसरे दिन सोमवार को फिर से एक अन्य पक्ष काफी भारी संख्या में मौके पर पहुंचकर इस कार्य का विरोध जताते हुए कार्य को बंद करने की मांग करने लगा । इस दौरान मौके पर पहुंचे विकुल बक्शी ने कहा कि जब यह कार्य शुरू हुआ था। उसने तब भी इसका विरोध किया था कि इसकी वजह से रास्ता तंग हो रहा है। लेकिन तब उसे यह कहकर टाल दिया गया था कि फिलहाल डिवाइडर इसमें नहीं लगाया जाएगा।
अब जिस तरह से इसमें स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जा रहे हैं तो इससे साफ तौर पर हादसों को न्यौता दिया जा रहा है। उन्होंने नगर पालिका व हरियाणा सरकार से इस कार्य को तुरंत प्रभाव से बंद करने की मांग करते हुए कहा कि गली की साइड में लाइट लगाकर रेलिंग लगाई जाए ताकि रास्ता व्यवस्थित रूप से चालू रहे और किसी को कोई परेशानी ना हो।
वही डॉ. बहादुर संधू और करनैल सिंह राणा ने भी इस निर्माण कार्य का विरोध करते हुए इसे पूरी तरह से गलत ठहराया और प्रशासन से इसे बंद करने की मांग की। डॉ. संधू ने कहा कि बीते दिनों भी उनके सामने एक कार बेस निर्माण में टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। नगरपालिका अध्यक्ष शालिनी शर्मा ने बताया कि कस्बे के इस प्रवेश द्वार सुंदरीकरण के लिए यहां फैंसी स्ट्रीट लाइट लगाने का काम चल रहा है। डिवाइडर बनाने की बात कह कर लोगों को गुमराह करके भड़काया जा रहा है।