पेड़ से बांधकर युवक की पिटाई करते ग्रामीण, पुलिस ने मौके पर जाकर छुड़वाया
यमुनानगर जिले के अजीजपुर गांव में रात के समय संदिग्ध हालात में घूम रहे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसे अमानवीय तरीके से रस्सियों के साथ पेड़ पर बांध दिया। हिंसक भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई की।
सूचना मिलने पर बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बेसुध युवक को भीड़ के कब्जे से मुक्त करवाया। पुलिस ने रात के वक्त ही युवक की मरहम पट्टी करवाई। युवक मूल रूप से यूपी के रामपुर का रहने वाला है। परिजनों ने उसे मानसिक रूप से बीमार बताया है। मामला शुक्रवार देर रात का है।
गांव अजीजपुर निवासी एक युवक अपने बाडे़ में मोटरसाइकिल खड़ी कर पास में स्थित अपने घर में जा रहा था कि बाड़े के पीछे की ओर रोशनी में उसे कोई व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया। उसने उसे कुछ पूछना चाहा तो युवक ने कोई जवाब नहीं दिया। बार-बार पूछने पर वह गली में भागने लगा। जिस पर गांव के युवक ने शोर मचा दिया और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ पहुंच गई।