फर्कपुर थाना क्षेत्र के गांव ससौली से नौ दिन पहले लापता हुए व्यक्ति का शव शुक्रवार देर शाम को पश्चिमी यमुना नहर से हमीदा हेड के पास से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
ससौली निवासी देवेंद्र कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई बलविंद्र कुमार फैक्टरी में मजदूरी करता था। 20 जनवरी को सुबह को वह खाना खाने के बाद अपना टिफिन लेकर काम करने के लिए घर से निकला था। शाम को जब वह लौटकर घर वापस नहीं आया तो उन्होंने उसकी तलाश फैक्टरी व रिश्तेदारी में की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया था। जिसके बाद उसकी पुलिस थाने में गुमशुदा की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। शनिवार सुबह उन्हें पश्चिमी यमुना नहर से शव मिलने का पता लगा। उन्होंने मौके पर आकर उसकी शिनाख्त की।
फर्कपुर थाना प्रभारी सतपाल का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक 20 जनवरी से लापता था।