साढौरा। क्षेत्र के एक गांव में घर में जबरन घुसकर नाबालिग के अलावा दो गर्भवती महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक दंपती सहित तीन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व मारपीट का मामला दर्ज किया है।
नाबालिग की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 अगस्त की सुबह वह अपने पति के साथ खेतों में गई हुई थी। इस दौरान उसकी नाबालिग बेटी के अलावा गर्भवती बेटी और गर्भवती पुत्रवधू ही थी। तभी युवक मुस्ताक, उसकी पत्नी सोनिया और सोनिया का भाई छोटा उनके घर पहुंच गए। सोनिया ने नाबालिग बेटी को पकड़ लिया और मुस्ताक और छोटा उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। उसके साथ अश्लील हरकतें भी की गईं। बेटी की चीख सुनकर उसकी गर्भवती बेटी और गर्भवती पुत्रवधू ने उसे छुड़वाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने दोनों गर्भवती महिलाओं के साथ भी मारपीट की। उनकी शोर सुनकर ग्रामीणों को वहां आते देखकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। एसएचओ धर्मपाल ने बताया कि मुस्ताक, सोनिया व छोटा के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के अलावा मारपीट का केस दर्ज करके जांच की जा रही है।