संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कनाडा भेजने के नाम पर तीन लोगों ने फैक्टरी संचालक हरभजन सिंह से 6,92,431 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शांति कॉलोनी निवासी हरभजन सिंह ने बताया कि साल 2014 में उसकी मुलाकात मधु होटल में एक सेमिनार में वर्ल्ड वाइड इमीग्रेशन कंसलटैंसी सर्विस लिमिटेड मोहाली के निदेशक कर्नल बीएस संधू से हुई थी। सेमिनार में वह अपनी पत्नी के साथ आया था। तब बीएस संधू ने उसकी मुलाकात फर्म के निदेशक व कंसलटेंट जेएस वालिया से करवाई थी। आरोपियों ने उसे बताया कि हमारी कंपनी इमीग्रेशन का बिजनेस करती है और लोगों को विदेश में भेजने के वीजा लगवाती है। आरोपी जेएस वालिया ने बताया कि उसने यमुनानगर के कई परिवारों को अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड इत्यादि देशों में भेजा है। आरोपियों की बातों में आकर उसने भी आरोपियों को उसे भी कनाडा भेजने की बात कही।
तब आरोपियों ने उसे परिवार सहित कनाडा का वीजा व पीआर दिलवाने का 20 लाख रुपये खर्च बताया। 29 सितंबर 2014 को आरोपी उसकी फैक्टरी में आए। आरोपियों ने उससे कुछ कागजात भरवाएं। इसके बाद आरोपियों ने उससे अलग अलग तारीखों में 6,92,431 रुपये ले लिए। बाकी राशि कनाडा भेजने के बाद देने की बात तय हुई। अभी तक आरोपी ने उसे न तो कनाडा भेजा और न ही उसके रुपये वापस किए। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।