संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना सदर जगाधरी पुलिस ने गांव पोंटी स्थित किसान राइस मिल के संचालक जावेद अली को धोखाधड़ी के आरोप में नामजद कर लिया। आरोप है कि मिल संचालक ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग व हैफेड द्वारा आवंटित धान के बदले दिए जाने वाले 4.57 करोड़ रुपये के चावल का गबन किया। पुलिस ने यह कार्रवाई हैफेड के डीएम उधम सिंह की शिकायत पर की।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024-25 के खरीफ सीजन में गांव पोंटी स्थित किसान राइस मिल के संचालक जावेद अली को 68 हजार 823 क्विंटल धान आवंटित किया गया था। इसके बदले मिल को निर्धारित समय सीमा में 46 हजार 111.41 क्विंटल चावल एफसीआई में जमा कराना था, पर 36 हजार 116.745 क्विंटल चावल ही जमा कराया गया।
इस तरह नौ हजार 994.665 क्विंटल चावल का हिसाब नहीं मिला। इसकी कीमत 4.57 करोड़ रुपये है। चार अक्टूबर 2025 को हैफेड अधिकारियों की टीम ने मिल का फिजिकल वेरिफिकेशन किया, जहां स्टॉक में न तो धान मिला और न चावल। इस पर शिकायत पुलिस को दी गई। जांच अधिकारी राजेंद्र कुमार ने कहा कि शिकायत पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।