रादौर। जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से वीरवार को ब्लॉक रादौर की ग्राम पंचायत जुब्बल में जल अर्पण दिवस एवं जल महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम जल एवं सीवरेज समिति (वीडब्ल्यूएससी) के सदस्य, महिला पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर और पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (वासो) की जिला सलाहकार रजनी गोयल ने की। उन्होंने ग्राम पंचायत जुब्बल के सरपंच मुकेश कुमार को जल कलश भेंट कर और जल नल पर रक्षा सूत्र बांधकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस अवसर पर रजनी गोयल ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल प्रबंधन में महिलाओं की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने बताया कि गांव में जल चौपाल, स्कूल जागरूकता कार्यक्रम, जल शपथ और जनसंकल्प जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया है। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि जल अर्पण दिवस का उद्देश्य ग्रामीण पेयजल योजनाओं की जिम्मेदारी औपचारिक रूप से ग्राम पंचायत और ग्राम जल एवं सीवरेज समिति को सौंपना है, ताकि जल जीवन मिशन के तहत बने ढांचे का सही संचालन और रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके। संवाद