माई सिटी रिपोर्टर
यमुनानगर। स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाओं में आवेदन के लिए चल रही प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 22 अक्तूबर को पहली मेरिट लिस्ट जारी होगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर थी।
मेरिट लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा, उन्हें 26 अक्तूबर तक कॉलेज में पहुंचकर फीस भरनी होगी। यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं तो 29 अक्तूबर से नए आवेदनों के लिए पोर्टल दोबारा खुलेगा और ओपन काउंसिलिंग के माध्यम से दाखिले होंगे। फीस भरने और दस्तावेजों की जांच के लिए सभी कॉलेजों में पहले से बने हेल्प डेस्क पर ड्यूटियां लगा दी गई हैं। वहीं स्नातक कोर्सों में खाली सीटों पर ओपन काउंसलिंग के तहत दाखिले किए जा रहे हैं।
कॉलेजों में स्नातक व स्नातकोत्तर कक्षाओं के दूसरे और तीसरे वर्ष के विद्यार्थियों के दाखिले भी चल रहे हैं। विद्यार्थी कॉलेज से निर्धारित फार्म लेकर और उसे भरकर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित प्रवेश समिति के समक्ष उपस्थित हो सकते हैं। छछरौली सरकारी महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि स्नातक कोर्सों की सीट लगभग फुल हो गई हैं। जहां एक दो सीट बची हुई हैं, वो भी भर ली जाएंगी। पीजी कक्षा के लिए 22 अक्तूबर को मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। विद्यार्थी 26 अक्तूबर तक फीस जमा कर सकेंगे।
महात्मा ज्योतिबा फुले कॉलेज में स्नातक की 100 सीटें बढ़ीं
रादौर। महात्मा ज्योतिबा फुले सरकारी कॉलेज में शिक्षा विभाग की ओर से बीए प्रथम वर्ष में 80 व बीसीए प्रथम में 20 सीटें बढ़ा दी गई हैं। कॉलेज के प्रिंसिपल राजेंद्र कुमार ने बताया कि अब बीए में कुल सीटों की संख्या 240 और बीसीए में कुल सीटों की संख्या 50 हो गई है। उन्होंने बताया कि कॉलेज में सीटें कम होने से बहुत से बच्चे दाखिला लेने से वंचित रह गए थे। विभाग के इस फैसले के बाद दाखिला लेने वंचित छात्रों को एक और मौका मिला है। संवाद