कुरुक्षेत्र के गांव तंगौरी निवासी 21 वर्षीय अंजली ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए तंग करने और घर से निकालने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। महिला का आरोप है कि 14 मार्च को ससुराल वालों न मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। ऐसे में युवती का सहारा बनी अवेस्टा फाउंडेशन ताजेवाला की संचालिका गुरु मां नाज पटेल। नाज पटेल ने उन्हें सहारा दिया और अब अपने पास रख रही हैं। वह इस प्रयास में है कि युवती का घर फिर से बस जाए। युवती भी अपने पति के साथ रहना चाहती है। युवती का कहना है कि इसमें उसके पति का कोई कसूर नहीं है लेकिन सास-ससुर व अन्य ससुराल वाले उसे तंग कर रहे हैं। हालांकि इस मामले की जांच थाना प्रतापनगर पुलिस कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में अंजली ने बताया कि उसने गांव ताजेवाला में युवक से मार्च 2022 में लव मैरिज की थी। यह शादी दोनों परिवारों की रजामंदी से हुई थी। हालांकि शादी के बाद से मायके वालों ने उससे नाता तोड़ दिया था। तब शादी में दहेज को लेकर कोई बात नहीं हुई थी। शादी के बाद कुछ माह तक तो सब ठीक रहा लेकिन इसके बाद सास-ससुर व अन्य ससुराल वालों ने दहेज को लेकर उसे ताने मारने शुरू कर दिए। युवती का आरोप है कि 14 मार्च को मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। शादी के बाद उसे बीमार होने पर न तो दवाई दिलवाई जाती थी और न ही खर्च दिया जाता। वह उसे घर से दहेज लाने को कहते। घर से निकाल दिए जाने के बाद वह वह जगाधरी में बुआ की लड़की के घर रहने लगी। युवती का कहना है कि पति तो उसे साथ रखना चाहता है लेकिन ससुराल वाले नहीं रखना चाहते। उसने महिला थाने में 16 मार्च को शिकायत दी थी। वहां से उसकी शिकायत को थाना प्रतापनगर में भेज दिया गया। पांच अप्रैल को वह ससुराल में गई तो घर के बाहर ताला लगा हुआ था। युवती ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुला लिया। युवती का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसके पति पर दबाव बनाकर उससे जबरन उसे तलाक का नोटिस भेज दिया। गांव में पुलिस आने पर सरपंच जाकिर हुसैन ने अवेस्टा फाउंडेशन की संचालिका नाज पटेल को फोन किया। उन्होंने युवती को अपने आश्रम में रखने की अपील की।
नाज पटेल अवेस्टा फाउंडेशन की संचालिका नाज पटेल ने बताया कि वह इस प्रयास में है कि युवती का घर किसी तरह बस जाए। अभी उसकी उम्र भी महज 21 वर्ष है। यहां उसे कोई दिक्कत नहीं होगी। वह जब तक चाहे उनके पास रह सकती है। उसके पति का मोबाइल भी बंद है। जिस कारण वह उसके पति से संपर्क नहीं कर पा रहे।