संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सावन की शिवरात्रि पर भगवान शिव के पूजन और मंदिरों की सजावट के लिए फूलों की मांग बढ़ गई है। सामान्य दिनों में 70 से 100 रुपये किलो बिकने वाला गेंदा इन दिनों 120 से 140 रुपये किलो तक पहुंच गया है। इसकी कीमत में 50 से 60 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हुआ है।
शहर के फूल विक्रेता सोनू, रौनक, प्रिंस, राजकुमार ने बताया कि शिवरात्रि के विशेष अनुष्ठानों और मंदिरों की सजावट के लिए पहले ही एडवांस ऑर्डर पहुंच चुके हैं। कई विक्रेताओं के पास एक-एक क्विंटल तक फूलों की बुकिंग हुई है। इन फूलों का इस्तेमाल मंदिरों और भगवान शिव की प्रतिमाओं की सजावट के अलावा रुद्राभिषेक और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में किया जाएगा।
इसके अलावा घरों में होने वाले पूजन और धार्मिक आयोजनों के लिए भी लोग फूल खरीद रहे हैं। इससे बाजार में गेंदे के साथ गुलाब, चमेली, मोगरा और अन्य पूजन में इस्तेमाल होने वाले फूलों की मांग बढ़ी है। इनके दामों में भी 20 से 30 रुपये की वृद्धि हुई है।
विक्रेताओं का कहना है कि कई श्रद्धालु रुद्राभिषेक के दौरान फूलों की विशेष माला और सजावटी फूल भी चढ़ाते हैं। फूल की गुणवत्ता, आकार और ताजगी के आधार पर भी कीमत तय की जा रही है। कारोबारियों के अनुसार पर्व के दौरान ताजा और अच्छी गुणवत्ता वाले फूलों की मांग सबसे अधिक रहती है। कीमत बढ़ने के बावजूद ग्राहक खरीदारी से पीछे नहीं हट रहे हैं।