संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। श्री यमुना घाट शमशान भूमि के नवीनीकरण के साथ सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही हैं। इस दौरान अंतिम संस्कार के लिए स्थानों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी। वहीं एलपीजी का प्रयोग करके दाह संस्कार करने की सुविधा दी जाएगी।
संस्था संरक्षक कंवल नयन कपूर, अध्यक्ष कपिल गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीएस जैन, सचिव भूषण आर्य ने बताया कि तीन वर्ष से शमशान भूमि के नवीनीकरण का कार्य चल रहा है। गैस से संस्कार करने, संस्कार के लिए लकड़ी रखने का स्थान तथा व्यक्तियों के बैठने के लिए स्थान का कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ ही गेट से संस्कार गृह तक सड़क पर टाइल लगाने का काम भी पूरा हो गया है।
उन्होंने कहा कि शमशान भूमि की भावी योजनाओं के अंतर्गत संस्कार करने आए लोगों के बैठने के लिए एक वाताअनुकूलित हॉल बनाना, पेड़ पौधे लगाने का कार्य व पूर्व दिशा में यमुना नहर की तरफ का गेट खोलने की व्यवस्था करना शामिल है। मदन लाल जैन व कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम परुथी ने ने कहा कि लोग इस कार्य में सहयोग करें।