यमुनानगर। जिले में शनिवार सुबह व्यासपुर व प्रतापनगर क्षेत्र समेत आसपास हल्की बारिश हुई। वहीं बाकी जगह बारिश नहीं हुई। सुबह छह बजे बिजली प्राचीन श्री कालेश्वर महादेव मठ, कलेसर परिसर में स्थित नवग्रह मंदिर और साढौरा के सादिकपुर में घर पर बिजली गिर गई। बिजली गिरने मंदिर की दीवारों व हॉल को नुकसान पहुंचा है।
गनीमत यह रही कि जब बिजली गिरी उससे कुछ देर पहले ही दो सेवादार मंदिर में सेवा करके बाहर निकले थे। बिजली गिरने से मंदिर में बिजली उपकरण भी जल गए। जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिन बारिश होने की संभावना है।
विज्ञापन
श्री कालेश्वर महादेव मठ मंदिर समिति सदस्य प्रदीप कलेसर ने बताया कि संयोगवश घटना से कुछ देर पहले ही मंदिर में सेवा कर रहे दो कर्मचारी बाहर निकल गए थे, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। बिजली गिरने से नवग्रह मंदिर की दीवारों में गहरी दरारें आ गई हैं और लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल मंदिर समिति ने प्रशासन को सूचना दे दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
वहीं सुबह के समय बारिश होने से लोगों को काफी परेशानी रही। जो लोग अपने काम धंधे पर जाने वाले थे वह भीगते हुए गए। दिनभर बादल छाए रहे और धूप नहीं निकली। जिससे मौसम सुहावना रहा। हालांकि बीच-बीच में उमस लोगों की परेशानी बढ़ाती रही।