यमुनानगर। बाढ़ प्रभावित गांवों में मानवीय क्षति को रोकने के उद्देश्य से जिला रेडक्रॉस समिति की ओर से प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में खंड जगाधरी के गांव पोंटी, छछरौली के गांव कोट सरकरी, रादौर के गांव उन्हेड़ी तथा व्यासपुर के गांव बिजौली एवं हैबतपुर खेड़ा में प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
जिला रेडक्रॉस सचिव संजीव धीमान ने बताया कि आपदा किसी भी समय और किसी भी रूप में आ सकती है, इसलिए इसकी पूर्व तैयारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते बचाव की जानकारी हो तो मानवीय क्षति को काफी हद तक रोका जा सकता है। प्रशिक्षण में बताया गया कि आपदा के समय बोरी और साइकिल को भी स्ट्रेचर के रूप में प्रयोग किया जा सकता है।
खंड जगाधरी के गांव पोंटी की सरपंच आसमा ने स्वयं सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने ग्रामीणों को भी आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। जिला प्रशिक्षण अधिकारी शशि भूषण ने कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित व्यक्ति ही आत्मविश्वास के साथ घायल व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।