संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर को अव्वल स्थान पर लाने के लिए नगर निगम ने जागरूकता अभियान चलाया है। इसी कड़ी में नगर निगम की टीम ने तेजली खेल परिसर में 14 हरियाणा बटालियन एनसीसी कैडेट्स को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर अतिरिक्त निगमायुक्त डा. विजय पाल यादव के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन की एक्टिविटी एक्सपर्ट पूजा व एक सोच नई सोच संस्था के संस्थापक शशी गुप्ता ने एनसीसी कैडेट कंपोस्ट पिट में खाद बनाने की प्रक्रिया बताई और उन्हें सूखे कचरे को डोर टू डोर आने वाले वाहन में डालने और गीले कचरे से खाद तैयार करने के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में नगर निगम यमुनानगर जगाधरी को सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग दिलवाने में सभी सहयोग करें। खुले में गंदगी न फैलाएं। सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें। इस दौरान सभी सभी एनसीसी केडिट ने निगम अधिकारियों को आश्वासन दिया कि वे घर का कचरा अलग अलग कर नगर निगम की गाड़ियों को देंगे।
बाजार से सामान लेने के लिए घर से कपड़े का थैला लेकर जाएंगे और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करेंगे। इस अवसर स्वच्छ भारत मिशन की एक्टिविटी एक्सपर्ट पूजा ने 14 हरियाणा बटालियन एनसीसी के ऑफिसर को कंपोस्ट पिट दी और एनसीसी कार्यालय में गीले कचरे से खाद तैयार करने का आह्वान किया।
निगम अधिकारियों ने कैडेट मंजू, हंसिका, सिमरनजीत, वैशाली, प्रियांशी, वंश, वंशिका, वैष्णवी और सिमरन आदि को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। अतिरिक्त निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव ने बताया कि सफाई के लिए निगम ने व्हाट्सएप नंबर 7082410824 जारी किया हुआ है। शहरवासी कचरे, गंदगी की फोटो इस नंबर पर लोकेशन सहित भेजें। फोटो मिलने के बाद जल्द से जल्द सफाई होगी।