संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। अमर उजाला के दोस्त पुलिस कार्यक्रम के तहत मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर के विद्यार्थियों ने थाना व्यासपुर का भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने थाने में अपराध की शिकायत देने से लेकर एफआईआर दर्ज होने और पुलिस की ओर से की जाने वाली कार्रवाई तक की प्रक्रिया को करीब से समझा। इस दौरान उन्हें हवालात, मुंशी कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष और थाना प्रभारी के कार्यालय का भी भ्रमण कराया गया।
थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर अविलाश कुमार ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कानूनी जानकारी देने के साथ पॉक्सो एक्ट, साइबर ठगी, छात्राओं से छेड़छाड़ और गैंगस्टर एक्ट के तहत होने वाली पुलिस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को महिला हेल्पलाइन और जरूरत पड़ने पर पुलिस से संपर्क करने के तरीकों के बारे में भी बताया गया।
उन्होंने बताया कि अब ठगी का तरीका बदल गया है। सबसे पहले तो मोबाइल में कोई भी एपीके फाइल डाउनलोड न करें। इससे मोबाइल हैक हो जाता है। उन्होंने कहा कि कोई भी छात्र-छात्रा किसी का भी मोबाइल नंबर किसी अनजाने व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर न करें इससे वह ठगी का शिकार हो सकते हैं।
पुलिस की ओर से मुंशी युवराज, कांस्टेबल हर्ष, रवि और अंजलि ने भी विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत दर्ज करने, एफआईआर, जांच और साइबर अपराध से बचाव से जुड़े सवाल पूछे।
स्कूल की छात्रा खुशी कश्यप, सिमरन, प्रिया और छात्र सुमित व केवल ने बताया कि पहली बार थाने में आना उनके लिए रोमांचक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि अब तक पुलिस को सड़कों पर गश्त करते या गांव में आते हुए ही देखा था। थाने में आकर पुलिस की कार्यप्रणाली और शिकायतों पर होने वाली कार्रवाई के बारे में काफी कुछ सीखने को मिला।
स्कूल के बाहर गश्त की मांग
विद्यालय की प्रिंसिपल मीना कांबोज ने थाना प्रभारी से स्कूल के बाहर सुबह 7:40 से 8 बजे के बीच पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस समय कुछ युवक बाइकों पर स्कूल के बाहर बेवजह चक्कर लगाते हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते ऐसे युवकों पर कार्रवाई जरूरी है, ताकि छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। थाना प्रभारी ने स्कूल के बाहर गश्त करने और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर अध्यापक लवनेश, बलजीत, राजिंद्र कुमार, मुकुल शर्मा, सीता रानी, इंदू और प्रियंका मौजूद रहे।