गांव नाहरपुर में वीरवार रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर लाठियों, डंडों व ईंट पत्थरों से हमला करने के आरोप लगाए है। मामले में दोनों पक्षों के लोग घायल बताए जा रहे है। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामला शांत करवाया। जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से जठलाना पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस ने शुरुआती तौर पर एक पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
नाहरपुर निवासी मुबारिक ने बताया कि वीरवार रात करीब आठ बजे वह अपनी कार लेकर जा रहा था। तभी गांव के आस मोहम्मद व मोमिन ने अपनी बाइक उसकी कार के सामने अड़ा दी। दोनों उसे कार से नीचे उतरने के लिए कहने लगे। वह कार से नीचे उतरा और उनसे बाइक को उसकी कार के सामने अड़ाने का कारण पूछा। तभी उन दोनों ने उसके साथ गाली गलौज करना शुरू कर दिया। दोनों ने उसके साथ मारपीट की और तेजधार हथियार से उस पर हमला किया। वह किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर अपने भाई अरशद के घर चला गया और घर का मेन गेट बंद कर लिया। कुछ देर बाद इशरार, ईस्माइल, फौजी, मोसिन, युसुफ व 10-12 अन्य लोग वहां पर आ गए। उनके हाथों में लाठियां, डंडे व अन्य हथियार थे। उन्होंने उसके भाई के घर के गेट को लाठियां डंडो से तोड़ना शुरू कर दिया। उन्होंने घर के अंदर भी ईंट पत्थर बरसाए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे जिन्हें देखकर हमलावर फरार हो गए।
थाना जठलाना प्रभारी संदीप कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया था। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत पुलिस के पास आई है। जांच के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा रही है।