साढौरा। सरावां गांव के राजकुमार के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने शराब ठेकेदार के कारिंदे सुनंद व रजत के अलावा उनके तीन साथियों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। राजकुमार का आरोप है कि इन लोगों ने अपने पास से शराब की एक पेटी उसकी स्कूटी पर रखकर उसके विरुद्ध शराब तस्करी का झूठा केस दर्ज करवा दिया था। तब आरोपियों ने उससे मारपीट की थी। एसपी के आदेश पर अब साढौरा पुलिस ने शराब कारिंदे सुनंद व रजत को नामजद करते हुए तीन अन्य पर केस दर्ज किया है।
राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 अगस्त की शाम को वह अपने दोस्त करण सिंह के साथ स्कूटी पर पशुओं के लिए चारा लेने राइयांवाला रोड पर जा रहा था। जब वे नकटी नदी के पुल के पास पहुंचे तो सरावां निवासी सुनंद कुमार व रजत कुमार ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे डंडों से पीटा और झूठे केस में फंसाने के लिए एक व्यक्ति ने अपनी कार से शराब की पेटी निकाल कर उनकी स्कूटी की पिछली सीट पर रख दी और डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुला लिया।