संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जगाधरी के पुराना छछरौली रोड पर स्थित सुभाष नगर में मेडिकल स्टोर संचालक ललित मोहन गुप्ता की पत्नी नीरज गुप्ता, किरायेदार व मजदूर को बंधक बनाकर दो बदमाशों ने लूटपाट की। बदमाश सोने की चेन, आईफोन समेत दो मोबाइल लूटकर फरार हो गे। पूरी वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। सूचना मिलने पर सीआईए, स्पेशल स्टाफ समेत पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पुलिस ने नीरज गुप्ता की शिकायत पर दो बदमाशों पर लूट का केस दर्ज कर लिया।
सुभाष नगर निवासी नीरज गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति ललित मोहन गुप्ता की प्रकाश चौक के पास गुप्ता मेडिकोज के नाम से दवा की दुकान है। वह घर में दिन के समय अपनी किरायेदार शालू गुप्ता के साथ रहती है। घर पर मरम्मत का काम चल रहा है। घर पर मजदूर रामधीरज काम कर रहा है। वह वीरवार रात करीब आठ बजे घर के मंदिर में पूजा करने की तैयारी कर रही थी।
इस दौरान मुंह पर मास्क पहने दो युवक घर में घुस गए। घर में आते ही बदमाशों ने उसका मुंह हाथ से बंद कर दिया। इसके बाद पिस्टल दिखाकर काम कर रहे मजदूर, किरायेदार शालू को एक कमरे में ले गए। एक बदमाश ने उसे थप्पड़ मारे और धक्का दिया।बदमाशों ने उसके गले से सोने की चेन, कानों से सोने की बालियां निकलवा ली। बदमाशों ने उनसे पांच लाख रुपये की मांग कीष उसने पैसे न होने की बात कही।
इसके बाद बदमाशों ने कमरे में रखी अलमारी खंगाली, लेकिन उसमें उन्हें रुपये व गहने नहीं मिले। एक बदमाश ने शालू के हाथ से मोबाइल छीन लिया। दूसरे ने उसके सोफे पर रखा आईफोन उठा लिया। इसके बाद बदमाश उन्हें कमरे में बंद करके व फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद वह कमरे का कुंडा खोलकर घर से बाहर आए और शोर मचाया।
वारदात के बाद नीरज गुप्ता ने मामले की सूचना पति व पुलिस को दी। इस पर सीआईए वन, सीआईए-टूू, स्पेशल पुलिस स्टाफ, थाना शहर जगाधरी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नीरज गुप्ता से मामले की जानकारी ली और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। सीसीटीवी में बदमाश नीरज गुप्ता, किरायेदार व मजदूर को धक्का देते हुए कमरे में ले जाते हुए दिखाए दे रहे है। जांच में सामने आया कि जब बदमाश घर में घुसे उस समय उन्हें सीसीटीवी के बारे जानकारी नहीं थी। बाद में उनको पता लगा कि सीसीटीवी लगे हैं। कमरे से बाहर निकलते ही पहले उन्होंने सीसीटीवी बंद किए, इससे पहले वह कैमरे में आ चुके थे।
नीरज का कहना है कि वे लोन लेकर मकान बना रहे है। बदमाशों ने सोचा होगा कि उनके पास बहुत पैसा है। तभी बदमाश लूटपाट करने को उनके घर में घुसे और पांच लाख रुपये मांगे। रुपये न देने पर बदमाश उनके गहने व मोबाइल लूट ले गए। बोलचाल से बदमाश स्थानीय निवासी लग रहे थे। दोनों बदमाशों ने उनके साथ अभद्रता भी की।
दो बदमाशों पर नीरज गुप्ता की शिकायत पर लूट का केस दर्ज किया है। सीआईए, स्पेशल स्टाफ समेत कई पुलिस टीमें मामले की जांच कर रही है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
- नरेंद्र सिंह राणा, प्रभारी, थाना शहर जगाधरी।