संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। चोरों ने तीन घरों और दो स्कूलों को निशाना बनाकर नकदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।
गोल्डनपुरी बैंक कॉलोनी निवासी प्रवेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 जून को वह घर का ताला लगाकर परिवार सहित अस्पताल गए थे। सुबह जब वह घर आया तो ताला टूटा पड़ा था और अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर घर से पांच हजार रुपये, चांदी की चेन, पाजेब, सोने की अंगूठी, गैस सिलिंडर व अन्य सामान गायब था। उधर, विकास नगर निवासी मनीष कुमार ने बताया कि 28 जून की दोपहर एक बजे वह अपने काम से दिल्ली गया था। रात करीब 10 बजे घर लौटा तो उसके दोनों कमरों के ताले टूटे हुए थे। अंदर से एक लैपटॉप, स्लेप, पांच हजार रुपये व अन्य सामान गायब था।
वहीं, सेक्टर 17 निवासी अजय कुमार ने शिकायत में बताया कि रविवार को उसके घर से गैस सिलिंडर चोरी हो गया। सीसीटीवी में एक युवक घर से सिलिंडर चुराकर ले जाते हुए नजर आ रहा है। उधर, प्रेम नगर निवासी अनीश माथुर ने बताया कि रोजवुड स्कूल यमुना विहार का निदेशक है। रात को चोरों ने उसके स्कूल से एलईडी स्क्रीन, लैपटॉप व अन्य सामान चोरी कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज में साढ़े नौ बजे चोर चोरी करते हुए दिखाई दिए। उधर, गांव ससौली स्थित राजकीय हाई स्कूल की प्रधानाचार्य सरिता ने बताया कि एक से 30 जून तक स्कूलों की छुट्टियां थी। इस दौरन चोरों ने छुट्टियों में स्कूल में लगे 17 पंखे, गार्डन में लगी फेंसिंग चैन व अन्य सामान चोरी कर लिया। जब वह छुट्टियां खत्म होने के बाद स्कूल पहुंची उन्हें चोरी का पता चला।