संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। इंग्लैंड भेजकर नौकरी लगवाने का झांसा देकर शिवपुरी ए कॉलोनी निवासी आरजू शर्मा से साढ़े 18 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप चोपड़ा गार्डन निवासी मनीष मरवा व उसके साथी विजय पर लगा है। गांधीनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांत शुरू कर दी है।
शिकायत में शिवपुरी ए निवासी आरजू शर्मा ने बताया कि उनके पिता राकेश कुमार ने कॉलोनी में ही गोगा माड़ी का मंदिर बनाया हुआ है। जहां पर मनीष मरवा का भी आना-जाना था। एक दिन आरोपी मंदिर में आया और कहा कि वह विदेश में रहकर आया है और उसकी बहन व जीजा भी इंग्लैंड में रहते हैं। अब वह बहन व जीजा के साथ मिलकर लोगों को वर्क परमिट पर विदेश भेजने का कार्य करता है।
इस पर उसके पिता ने उससे मेरे बारे में बात की। आरोपी ने उसे इंग्लैंड भेजकर नौकरी लगवाने की बात कही। इसके लिए उसने 20 लाख रुपये का खर्च बताया। उसकी बातों में आकर उसके पिता ने उसे दस्तावेज व लगभग ढाई लाख रुपये दिए। इसके बाद अलग-अलग कर आरोपी ने उनसे साढ़े 18 लाख रुपये ले लिए। कुछ दिन बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक लेटर भेजकर कहा कि इंग्लैंड में उसकी बड़ी कंपनी में नौकरी लगवा दी है।
बाद में पता लगा कि आरोपी ने फर्जी लेटर तैयार किया हुआ था। उसने कोई वर्क वीजा नहीं लगवाया। जब उससे रुपये वापस मांगे तो वह टाल मटोल करने लगा। परेशान होकर उन्होंने आरोपी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। गांधी नगर थाना प्रभारी महरूफ अली का कहना है कि आरोपी मनीष मरवा व उसके साथी विजय पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।