यमुनानगर। व्यासपुर क्षेत्र में कार की टक्कर से साइकिल सवार एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी और शिकायत के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बिहार के सहरसा जिले के टेंगराहा गांव निवासी सोहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह व्यासपुर स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करता है। उसका रिश्तेदार सुधीर कुमार कुछ दिन पहले काम की तलाश में उसके पास आया था। 22 जून की सुबह दोनों साइकिल पर व्यासपुर गए थे। हरतौल मोड़ के पास सोहन सामान खरीदने के लिए उतर गया, जबकि सुधीर साइकिल लेकर कमरे की ओर चल पड़ा। इसी दौरान पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने सुधीर की साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सुधीर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान कार चालक कुछ देर के लिए रुका और फिर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल सुधीर को पहले सीएचसी व्यासपुर और बाद में सिविल अस्पताल जगाधरी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बिलासपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरु की दी है। संवाद