बैठक के दौरान मौजूद भाकियू के पदाधिकारी व किसान। भाकियू
व्यासपुर। भाकियू ने किसानों से जुड़े बिजली और अन्य लंबित मुद्दों को लेकर 26 जून को यमुनानगर में आयोजित कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान बिजली मंत्री अनिल विज से मुलाकात करने का निर्णय लिया है। भाकियू के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने कहा कि यदि प्रशासन ने किसानों को मंत्री से मिलने से रोका तो संगठन कड़ा फैसला लेने को मजबूर होगा।
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में सुभाष गुर्जर ने बताया कि किसानों के लंबित ट्यूबवेल कनेक्शन, बिजली की लटकती तारें, टूटे खंभे, ट्रांसफार्मरों पर स्विच की व्यवस्था, बिना शर्त लोड बढ़ाने, सिंचाई के लिए आठ घंटे बिजली आपूर्ति और गांवों में लगातार लग रहे कट सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर मंत्री के समक्ष सवाल उठाए जाएंगे। सुभाष गुर्जर ने उपायुक्त के रवैये पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों, मजदूरों और आम लोगों के प्रति प्रशासन का व्यवहार संतोषजनक नहीं है। इन सभी मुद्दों को 26 जून को मंत्री के सामने रखा जाएगा।बैठक में नरेश मोहड़ी, सुभाष शर्मा, सुभाष हरतोल, जसबीर अजीजपुर, जसविंद्र अजीजपुर, इरफान पूर्व सरपंच पम्मूवाला, जनक पांडो और अन्य किसान मौजूद रहे। संवाद