यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाया गया। इस दौरान क्षमता को उजागर करने में शिक्षा का उद्देश्य विषय पर एक्सटेंशन लेक्चर, डिजिटल पोस्टर व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में 14 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बीए अर्थशास्त्र ऑनर्स अंतिम वर्ष की खुशी सिंगला ने पहला स्थान प्राप्त किया।
निर्णायक मंडल में शामिल डॉ. किरण शर्मा व डॉ. रीटा सिंह ने बीकॉम अंतिम वर्ष की अश्मिता चौहान को दूसरा और बीसीए अंतिम वर्ष की ओजस्वी को तीसरा स्थान दिया। वहीं बीए अर्थशास्त्र ऑनर्स अंतिम वर्ष की सुजाता व हरमन को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया। मुख्य वक्ता डॉ. सोनिया शर्मा ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना व परीक्षा में अच्छे अंक लेना नहीं है, बल्कि मनुष्य के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहौ शिक्षा के जरिए मनुष्यों के ज्ञान, चरित्र, नैतिकता, मूल्य और व्यक्तित्व का निर्माण करना है। ताकि वह समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझ सकें। उन्होंने वीडियो क्लिपिंग के माध्यम से छात्राओं को शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रिंसिपल डॉ. सुरिंद्र कौर ने कहा कि शिक्षा व्यक्तियों को तर्कसंगत सोच प्रदान करती है, इसलिए महत्वपूर्ण है। शिक्षा के जरिए लड़कियां आत्मनिर्भर व आर्थिक रूप से स्वतंत्र बन सकती है। परिवार व समुदायों को बेहतर बनाने में योगदान देती हैं।