बिलासपुर। एसडीएम बिलासपुर एवं मेला प्रशासक जसपाल सिंह गिल ने बुधवार काे सूरजकुंड सरोवर स्थित श्राइन बोर्ड कार्यालय में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मेला कपालमोचन क्षेत्र में विशेष अभियान चलाएं।
मेला क्षेत्र में या आसपास चल रहे मेडिकल स्टोर की नियमित चेकिंग की जाए। मेले के दौरान भी निरंतर जांच होनी चाहिए। मेले के दौरान कहीं पर भी नशे आदि की किसी भी सूरत में बिक्री न होने पाए।
जसपाल गिल ने बताया कि डीसी एवं श्री कपालमोचन, श्री बद्री नारायण, श्री माता मंत्रा देवी, श्री केदारनाथ मंदिर धार्मिक एवं पूजा स्थल बोर्ड यमुनानगर के मुख्य प्रशासक कैप्टन मनोज कुमार के मार्गदर्शन में मेला श्री कपालमोचन, आदिबद्री के आवश्यक प्रबंधों का काम जोरों पर है।
कपालमोचन मेले में देश के विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां के तीनों पवित्र सरोवरों-कपालमोचन सरोवर, ऋणमोचन सरोवर व सूरजकुंड सरोवर में क्रमवार स्नान करने के लिए आते हैं। कपालमोचन मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक सुविधाएं मिले ऐसे सभी अधिकारियों के प्रयास रहेंगे। मेले में सफाई व्यवस्था, दवाइयों के प्रबंध, अस्थाई शौचालयों, पेयजल के प्रबंध, सड़कों की मरम्मत, बिजली का प्रबंध, खाद्य सामग्री, दूध की आपूर्ति, बैरिकेडिंग, पुलिस प्रबंध समय पर पूरे कर लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मेले में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी स्टाल लगाए जाएंगे। मेले में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग तथा सांस्कृतिक कार्य विभाग के कलाकार गीतों, भजनों और लोक गीतों के माध्यम से मेला में पधारे लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों का मनोरंजन धार्मिक गीतों और भजनों से करेंगे।
यात्रियों की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उचित प्रबंध पुलिस विभाग द्वारा किए जाएंगे। पूरे मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटा जाएगा। मेले के दौरान नशीली दवाओंं और नशीली चीजों की विशेष रूप से चेकिंग की जाएगी।
मौके पर बीडीपीओ कार्तिक चौहान, बिलासपुर के तहसीलदार गौरव सब्बरवाल, नायब तहसीलदार दलजीत सिंह, नायब तहसीलदार साढौरा कुलदीप सिंह, ड्रग कंट्रोल अधिकारी बिंदू धीमान, डीईओ संजीव कुमार, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. गुरनीत, श्राइन बोर्ड के लेखा लिपिक पंकज अग्रवाल, स्टोर कीपर विकास वर्मा, लिपिक अश्वनी धीमान सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।