संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। शहर के जेएमआईटी व जेएमआईईटीआई इंजीनियरिंग कॉलेजों की ओर से मुकंद क्रिकेट कप का आयोजन कराया गया। दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में मुकंद शिक्षण संस्थानों की क्रिकेट टीमों ने भाग लिया। जेएमआईटी की टीम ने लगातार तीसरी बार फाइनल मुकाबला जीतकर ट्रॉफी हासिल की।
प्रतिभागी टीमों में जेएमआईटी व जेएमआईईटीआई इंजीनियरिंग कॉलेजों के अतिरिक्त मुकंद लाल नेशनल कॉलेज रादौर, एसजेपी दामला व मुकंद लाल नेशनल कॉलेज यमुनानगर के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के तीसरे संस्करण में दो दिन तक चले मुकाबलों के बाद फाइनल में जेएमआईटी व मुकंद लाल नेशनल कॉलेज यमुनानगर की टीमें आमने-सामने हुई। जेएमआईटी की टीम ने जीत हासिल की।
पिछले दोनों वर्षों में भी जेएमआईटी की टीम ने ही खिताब पर कब्जा किया था। इस बार भी विजय हासिल करके टीम ने जीत की हैट्रिक लगाने में कामयाब हुई। जेएमआईटी संस्थान के निदेशक डॉ. एसके गर्ग ने जीत हासिल करने पर छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस अवसर पर छात्रों के जीवन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए टीम भावना और अनुशासन सीखने की बात कही।
वहीं जेएमआईईटीआई के निदेशक डॉ. विवेक शर्मा ने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास में खेल हम भूमिका निभाते है। उन्होंने विजेता टीम को जीत पर बधाई दी। इस अवसर पर जेएमआईटी के रजिस्ट्रार अंकुश सिंगला, मुकंद लाल नेशनल कॉलेज से बबीता सूद, एसजेपी दामला से चंदरमणि, मुकंद लाल नेशनल कॉलेज रादौर से डॉ. महेंद्र सिंह, जेएमआईईटीआई से अभिषेक धीमान, जेएमआईटी से खेल प्रशिक्षक गुलशन कुमार, खेल गतिविधियों के इंचार्ज डॉ. यूपी सिंह मौजूद र हे।