संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना छप्पर क्षेत्र के गांव कलावड़ में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब 10 तोला सोने और 30 तोला चांदी के आभूषण ले गए। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 12.70 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव कलावड़ निवासी करण सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छह और सात अक्तूबर की दरमियानी रात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। घटना के समय परिवार के लोग अन्य कमरों में सो रहे थे। चोर घर में घुसकर अलमारी का लॉकर तोड़ने के बाद उसमें रखे गहने चोरी कर ले गए। घटना का पता चलने पर उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।
थाना छप्पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस चोरी की वारदात से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपियों का सुराग लगाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज खंगालने सहित अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत के आधार पर पुलिस टीम जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोर किस रास्ते से घर में आए और वारदात को अंजाम देकर किस रास्ते से गए। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।