बूड़िया। पुलिस ने सरकारी भवनों और सड़कों के इस्तेमाल में होने वाली सीमेंट से अपने मकान का लेंटर बनाने के आरोपी में बीबीपुर निवासी जावेद को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरा आरोपी दीपक पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी जावेद को अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था।
गौरतलब है कि सीएम उड़नदस्ते की टीम ने बीबीपुर में छापामार कर सरकारी सीमेंट से भरी ट्रॉली पकड़ी थी। ट्रॉली से सीमेंट के 98 बैग भरे हुए और 16 बैग खाली बरामद किए गए थे। ये सीमेंट बीबीपुर निवासी जावेद के मकान के लेंटर में इस्तेमाल किया जा रहा था। जबकि इस का इस्तेमाल केवल सरकारी भवनों व सड़कों में इस्तेमाल किया जाता है। जांच में सामने आया था कि जावेद ने यह सीमेंट ठेकेदार दीपक से 300 रुपये प्रति बैग के हिसाब से खरीदा था। जबकि मार्केट में सीमेंट का रेट 400 से 430 रुपये है। सीएम फ्लाइंग के सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि यह सीमेंट कॉमर्शियल में प्रयोग होता है। इसे मकान बनाने में प्रयोग नहीं किया जा सकता। न ही यह सीमेंट रिटेल में बेचा जा सकता है। बूड़िया थाना प्रभारी पूर्ण सिंह का कहना है कि आरोपी जावेद को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि दीपक की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।