साढौरा। कस्बे में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। रात आठ बजे से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया। जगह-जगह भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाई गईं।
जन्माष्टमी पर विभिन्न मंदिरों में काली घटा, बर्फ के शृंगार और नौका विहार की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कई अभिभावक बच्चों को राधा-कृष्ण के रूप में सजाकर मंदिरों में लेकर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान कन्हैया के दर्शन किए और उन्हें पालने में झुलाया। रात 12 बजते ही मंदिरों में घंटे, घड़ियाल और शंख बज उठे।
वृंदावन बिहारी लाल की जय के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजने लगे। कृष्ण जन्मोत्सव पर बधाई गीत गाए गए और श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को जन्म की बधाई दी। भगवान गोपाल का अभिषेक कर आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। तोरांवाला तालाब स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, श्री दुर्गा मंदिर, श्रीकृष्ण मंदिर, श्री सनातन धर्म मंदिर, प्राचीन सिद्ध श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर, 11 मुखी हनुमान मंदिर और श्री उद्धोवाला मंदिर में विशेष झांकियां सजाई गईं।