संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। यमुनानगर-कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर सहारनपुर-पंचकूला नेशनल हाईवे से लेकर दामला तक दस माह से टूटी पड़ी 1,100 मीटर सड़क को लेकर भारतीय किसान यूनियन (रतनमान) के बैनर तले किसानों ने मंगलवार को जाम लगा दिया। किसानों ने दो घंटे तक स्टेट हाईवे को जाम रखा। इतना ही नहीं दोपहर का भोजन भी किसानों ने सड़क के बीच दरी बिछाकर वहीं बैठ कर किया।
किसान सड़क पर बैठे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों से बात करने के लिए एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ व रादौर डीएसपी आशीष चौधरी बात करने के लिए मौके पर पहुंचे। किसान जिद पर अड़े रहे कि जब तक डीसी लिखित में सड़क बनाने या मरम्मत का आश्वासन नहीं देतीं तब तक वह जाम नहीं खोलेंगे। चाहे इसके लिए प्रशासन मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल में ही बंद क्यों न कर दे।
एसडीएम ने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन पुनीत मित्तल को भी फोन करके मौके पर बुलाया। बातचीत के बाद एक्सईएन ने आश्वासन दिया कि वह 28 फरवरी तक इस टूटी सड़क की मरम्मत करवा देंगे। इसके बाद किसानों ने जाम खोल दिया। जाम खुलने से इसमें फंसे लोगों ने राहत की सांस ली। दो घंटे जाम में रोडवेज बसों के अलावा अन्य वाहन भी फंसे रहे। हालांकि इस दौरान तीन एंबुलेंस भी वहां पहुंची जिन्हें किसानों ने जाने दिया।
भाकियू के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने कहा कि दामला से लेकर यमुनानगर जाते हुए पंचकूला हाईवे तक करीब 1100 मीटर की सड़क की हालत बहुत ज्यादा खराब हो चुकी है। सड़क पर इतने बड़े गड्ढे हैं कि उनसे निकलना मुश्किल हो गया है। बारिश होने पर गड्ढों में पानी भरने से परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है। रोजाना गड्ढों की वजह से कोई न कोई चोटिल हो रहा है।
सड़क को ठीक करने के लिए किसानों नेताओं ने बहुत पहले अधिकारियों को सड़क को ठीक करने का निवेदन किया था। परंतु हर बार अधिकारी अनदेखी करते रहे। जिस पर किसानों ने गत सप्ताह चेतावनी दी थी कि यदि सड़क ठीक नहीं हुई तो वह जाम लगाएंगे। इसलिए आज किसानों ने दामला में सड़क पर जाम लगा दिया।
जाम के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि इससे पहले पीडब्ल्यूडी एक्सईएन पुनीत मित्तल ने गत वर्ष 15 अगस्त तक वह सड़क को पूरी तरह से ठीक करने का आश्वासन दिया था, लेकिन मौके पर कुछ नहीं हुआ। इस मौके पर किसान नेता प्रदीप नगला, दीप राणा नंबरदार, मान सिंह मजाफत, महेंद्र कांबोज, चमरोड़ी, यादविंद्र कांबोज जयपुर, सुभाष शर्मा, सतपाल मानकपुर, जसवीर नंबरदार, स. सुखदेव सिंह, अशोक डांगी, कुलविंद्र सिद्धू, रविंद्रपाल, सुभाष हरतौल समेत अन्य उपस्थित रहे।
सीसी का बनाया जाएगा टूटा हिस्सा : एसडीएम
एसडीएम विश्वनाथ ने बताया कि करीब 38 करोड़ रुपये से रादौर रोड को फोरलेन किया जाना है। सड़क को फोरलेन करने की प्रक्रिया चल रही है। करीब 1100 मीटर सड़क का जो हिस्सा टूटा हुआ है उसे सीसी का बनाया जाएगा ताकि यह बार-बार न टूटे। एक्सईएन ने 28 फरवरी तक सड़क की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है।
जाम में फंसे रहे लोग
जाम में फंसने से लोग बेहाल रहे। रोडवेज बस में प्रतापनगर से करनाल जा रही माम कौर ने बताया कि एक घंटे से जाम में फंसे हुए हैं। जाम की वजह काफी परेशानी हो रही है। यमुनानगर से करनाल जा रही रीना ने बताया कि जाम से परेशानी तो हो ही रही है। परंतु सड़क की हालत वाकयी बहुत ज्यादा खराब है। इस सड़क से आना जाना मुश्किल हो गया है। प्रशासन एक किलोमीटर की सड़क को न तो बना पा रहा है और न ही मरम्मत करवा रहा है। जो लोग यहां से रोजाना गुजरते हैं उन्हें काफी परेशानी होती है।
जाम के दौरान किसानों से बात करते जगाधरी एसडीएम। संवाद
जाम के दौरान किसानों से बात करते जगाधरी एसडीएम। संवाद
जाम के दौरान किसानों से बात करते जगाधरी एसडीएम। संवाद
जाम के दौरान किसानों से बात करते जगाधरी एसडीएम। संवाद
जाम के दौरान किसानों से बात करते जगाधरी एसडीएम। संवाद