लॉकडाउन से बंद पड़ी अमृतसर-टाटानगर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का संचालन 21 जून से शुरू होगा। फिलहाल इसे 30 जून तक चलाने की तैयारी है। यदि परिस्थितियां सामान्य रहीं, तो इसे आगे बढ़ाया जा सकता है। इस ट्रेन के संचालन से पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, बिहार व झारखंड के यात्रियों को काफी सुविधा होगी। रेलवे की ओर से फिलहाल इसे विशेष श्रेणी में चलाया जाएगा, जिसमें यात्रियों को कोरोना नियमावली का पालन करना होगा। इस ट्रेन में सामान्य बोगी भी होंगी, लेकिन इसमें चढ़ने के लिए आरक्षण करवाना अनिवार्य होगा। लॉकडाउन से पहले नियमित रूप से चल रही गाड़ी संख्या 18103-04 का विशेष श्रेणी में नंबर 08103-04 होगा।
गाड़ी संख्या 08103 जलियांवाला बाग एक्सप्रेस स्पेशल 21 जून से 28 जून तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार को टाटानगर से 21.10 बजे प्रस्थान करेगी। तीसरे दिन यह सुबह साढ़े छह बजे अमृतसर पहुंचेगी। जबकि गाड़ी संख्या 08104 टाटानगर के लिए 23 से 30 जून तक प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को अमृतसर से रवाना होगी, जो अगले दिन रात नौ बजकर 10 मिनट पर टाटानगर पहुंचेगी। इस ट्रेन से यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन से सैकड़ों लोग यात्रा करते थे। इसके समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह ट्रेन अमृतसर जाने के लिए प्रत्येक सोमवार व बुधवार को रात एक बजकर एक मिनट पर यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म तीन पर पहुंचेगी। यहां पर इसका दो मिनट का ठहराव रहेगा। वहीं अमृतसर से चलकर टाटानगर जाने के लिए शाम पांच बजकर 34 मिनट पर पहुंचेगी और पांच बजकर 36 मिनट पर रवाना होगी। जलियांवाला बाग एक्सप्रेस में कुल 19 बोगियां होगी। इसमें थ्री टियर के चार, 11 शयनयान श्रेणी और चार सामान्य बोगियां होंगी। संवाद
वर्जन
रेलवे की ओर से अमृतसर से टाटानगर के बीच जलियांवाला बाग एक्सप्रेस चलाई जा रही है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए फिलहाल इसे 21 से 30 जून तक चलाया जाएगा। स्थितियां सामान्य रही तो इसके फेरे बढ़ाए जाएंगे।
हरिमोहन, सीनियर डीसीएम, अंबाला मंडल।