मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने वीरवार को फर्कपुर थाना क्षेत्र के मंडेबर रोड जोड़ियो में टॉयलेट क्लीनर बनाने की फैक्टरी पर छापा मारकर काफी मात्रा में केमिकल बरामद किया। इस दौरान टीम ने मालिकों द्वारा लाइसेंस न दिखाने पर फैक्टरी को सील कर दिया। वहीं दो फैक्टरी मालिकों पर केस दर्ज कर उन्हें फर्कपुर पुलिस के हवाले किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम के प्रभारी सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मंडेबर रोड पर बिना लाइसेंस केमिकल की फैक्टरी चलाई जा रही है। फैक्टरी में नियमों को ताक पर रखकर टॉयलेट क्लीनर समेत अन्य केमिकल तैयार किया जा रहा था, जो तेजाब समेत अन्य खतरनाक केमिकल से बनाया जाता है। उनका कहना है कि फैक्टरी मालिक ने किसी भी प्रकार का लाइसेंस नहीं लिया हुआ था। कई कंपनियों का यहां पर माल तैयार किया जा रहा था। यहां पर यह काम दो-तीन साल से चल रहा था। इस सूचना पर उन्होंने फैक्टरी में दबिश दी। दबिश के दौरान भारी मात्रा में केमिकल बरामद किया गया। उन्होंने जब फैक्टरी संचालकों से लाइसेंस मांगा तो वे कोई लाइसेंस नहीं दिखा पाए। इसके बाद पुलिस ने मौके से हर्ष और कपिल को पकड़कर फर्कपुर पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
उधर, फैक्टरी संचालक हर्ष का कहना है कि फैक्टरी में नियम अनुसार ही काम किया जा रहा था। कोई खतरनाक केमिकल इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था।
वर्जन
फर्कपुर थाना प्रभारी दिलीप का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
फोटो: 14