संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सांसद खेल महोत्सव का मंगलवार को दूसरा दिन रहा। दूसरे दिन जीत के लिए मैदान में उतरे खिलाड़ियों ने खूब दमखम दिखाया। अंडर-19 आयु वर्ग के क्रिकेट प्रतियोगिता में जगाधरी खंड ने पहला और व्यासपुर ने दूसरा स्थान पाया।
दूसरे दिन प्रतियोगिता का शुभारंभ बतौर मुख्यातिथि पूर्व महापौर एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष मदन चौहान और हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपप्रधान भारत भूषण जुयाल ने किया। भाजपा जिला महामंत्री एवं सांसद खेल के जिला संयोजक नरेंद्र राणा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष निश्चल चौधरी मुख्यातिथि रहे। इस दौरान क्रिकेट में जगाधरी टीम का दबदबा रहा।
सेक्टर-18 स्थित एंजल स्पोर्ट्स एकेडमी में क्रिकेट प्रतियोगिता करवाई गई। इस दौरान विभिन्न टीमों में रोमांचक मैच हुए। अंडर-19 का मैच जगाधरी और सरस्वतीनगर खंड की टीमों में खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सरस्वतीनगर ने 85 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगाधरी टीम ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 4.3 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर मैच जीत लिया।
अंडर-14 का सेमीफाइनन मैच साढौरा और जगाधरी के बीच खेला गया। जगाधरी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 136 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य प्राप्ति के लिए उतरी साढौरा की टीम मात्र 76 रन पर ऑल आउट हो गई। अंडर-19 आयु वर्ग के क्रिकेट प्रतियोगिता में जगाधरी ने पहला और व्यासपुर ने दूसरा स्थान पाया। इसी तरह जिमखाना क्लब जगाधरी में हो रही बैडमिंटन के अंडर-17 में पहले तीन स्थानों पर जगाधरी खंड का कब्जा रहा।
इसमें असीम ने प्रथम, शाहबाद ने द्वितीय और प्रणव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, छछरौली के राजीव गांधी खेल मैदान अंडर-17 आयु वर्ग की कबड्डी में सरस्वती नगर खंड प्रथम व साढौरा द्वितीय रहा। वहीं, बुधवार को लड़कियों की कबड्डी, खो-खो, दौड़ की प्रतियोगिता करवाई जाएंगी।
प्रतियोगिता के दौरान निश्चल चौधरी ने कहा कि खेलों में भाग लेने में जिला देशभर में दूसरे नंबर पर है। पहले स्थान पर गुजरात का गांधीनगर है। उन्होंने कहा कि युवा सांसद खेल महोत्सव के पांच खेलों में 30,000 से ज्यादा खिलाड़ी भाग ले चुके हैं। भारत भूषण जुयाल ने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योजनाएं लागू कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं मिल रही हैं।
चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता का समापन 11 दिसंबर को होगा। इसके विजेता पंचकूला में होने वाली संसदीय क्षेत्र की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष गौरव गोयल, पार्षद जयंत स्वामी, सरपंच प्रतिनिधि संजीव सैनी नंबरदार, सोशल मीडिया प्रभारी आशीष गोयल, कोच रमनजीत सिंह, कोच शिवम राणा, गोपाल सिंह, संदीप कुमार, बलिंद्र,नरेश सहित अन्य मौजूद रहे।