संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। पॉलिटेक्निक दामला में वीरवार को 34वीं वार्षिक एथलेटिक्स मीट की शुरुआत हुई। शुभारंभ प्रिंसिपल अनिल कुमार व सेवानिवृत्त डीपी रविकांत बेदी ने किया। इस दौरान एप्लाइड साइंस विभाग को सर्वश्रेष्ठ मार्च पास्ट पुरस्कार का विजेता घोषित किया गया।
पहले दिन कई हाई-एनर्जी ट्रैक व फील्ड इवेंट हुए, जिसमें 1500 मीटर की दौड़ शामिल थी। 200 मीटर की स्प्रिंट में प्रतिभागियों ने फिनिश लाइन तक कड़ी टक्कर में अपनी गति और चपलता का प्रदर्शन किया। 1500 मीटर दौड़ में इशरार ने पहला पुरस्कार, नाजिम खान ने दूसरा व हिमांशु ने तीसरा पुरस्कार प्राप्त किया।
लड़कियों की लंबी कूद में प्रथम पुरस्कार वंदना, महक एवं महक कुमारी ने दूसरा व तीसरा पुरस्कार प्राप्त किया। इस दौरान प्रिंसिपल अनिल कुमार ने छात्रों को अनुशासन, नेतृत्व और टीम वर्क को बढ़ावा देने में खेलों की भूमिका पर जोर देते हुए सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। रविकांत बेदी ने प्रतिभागियों के समर्पण और उत्साह की सराहना की।