यमुनानगर। अंबाला रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन ने शुक्रवार को जगाधरी पुलिस लाइन स्थित मालखाने में रखे मादक पदार्थों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आईजी ने जिले में बरामद 8.83 करोड़ के 118 लंबित मामलों में मादक पदार्थ मदों की जांच की। उन्होंने मालखाने के रख-रखाव को लेकर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में नशीले पदार्थ बरामद किए जाते हैं। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए इन पदार्थों को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रखा जाता है और बाद में उच्च अधिकारियों के आदेश पर नष्ट किया जाता है।
गौरतलब है कि इन 118 मदों में करीब आठ करोड़ 83 लाख रुपये मूल्य के गांजा, स्मैक, डोडा पोस्त, अफीम सहित भारी मात्रा में नशीली गोलियां, कैप्सूल व इंजेक्शन शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान आईजी ने इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन भी चेक कराया और पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की। इस मौके पर डीएसपी रजत गुलिया सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।