संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की जिला कार्यकारिणी बैठक जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह राणा की देखरेख में हुई। इस दौरान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि रामजीलाल सुमन व समाजवादी पार्टी की ओर से किया गया वीर शिरोमणि महाराणा सांगा का अपमान बहुत निंदनीय है।
उन्होंने बताया कि बिहार के पूर्णिया में 23 अप्रैल को महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें सभी क्षत्रियों के संगठन एकत्रित हुए। इसमें प्रस्ताव पारित किया गया कि सरकार महापुरुषों का अपमान करने वाले के खिलाफ कानून बनाया जाए और इसे दंडनीय अपराध की श्रेणी में लाए, जिससे भविष्य में किसी भी महापुरुष का अपमान करने वाले को जेल की हवा खानी पड़े। जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह राणा ने बताया कि पहलगाम में निर्दोष हिंदुओं की हत्या धर्म पूछकर की गई, उसकी जितनी निंदा की जाए, वह कम है।