यमुनानगर। हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एचसीसीआई) यमुनानगर चैप्टर की ओर से निजी होटल में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। उद्योग संघ के विकास पहल व बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के सहयोग से उद्योगपतियों व उद्यमियों को पूंजी जुटाने, निर्यात बढ़ाने की जानकारी दी गई।
कारोबारी राजेश सोंधी ने कहा कि यमुनानगर का औद्योगिक आधार मजबूत है और ऐसे जागरूकता कार्यक्रम उद्योगों को नई दिशा देते हैं। उन्होंने उद्योगों से आधुनिक वित्तीय साधनों और निर्यात के अवसरों को अपनाने का आह्वान किया, ताकि वे राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बन सकें। प्रदेश महासचिव राज चावला ने कहा कि चैंबर प्रदेश के उद्योगों को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और ऐसे कार्यक्रम उद्योगों को नई जानकारी व अवसर प्रदान करते हैं।
संयुक्त निदेशक वीपी सिंह ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार उन्हें मजबूत करने के लिए नई योजनाएं ला रही हैं। लघु उद्योग विकास बैंक के अधिकारियों ने बताया कि सही दस्तावेज़ीकरण और पारदर्शी वित्तीय रिकॉर्ड से उद्योगों को बेहतर ऋण सुविधाएं मिल सकती है। वहीं, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के प्रतिनिधि सुमित सक्सेना ने बताया कि छोटे उद्योगों के लिए शेयर बाजार में सूचीकरण पूंजी जुटाने का प्रभावी माध्यम है, जिससे उनकी विश्वसनीयता बढ़ती है।