संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बारिश में शहर के लोगों को जलनिकासी के अधूरे इंतजाम भारी पड़ेंगे। नगर निगम के अधिकारियों के दावे के विपरीत बड़े नालों में गंदगी दिख रही है। छोटे नालों तो गंदगी से अटे पड़े हैं। सीवरेज लाइनें भी जगह-जगह जाम हैं। कन्हैया साहिब चौक से जम्मू कॉलोनी तक सबसे बड़ी स्टॉर्म ड्रेन भी पांच वर्षों की तरह अधूरी है।
नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी क्षेत्र में 61 बड़े नाले हैं। इनकी कुल लंबाई करीब 58 किलोमीटर है। इनकी सफाई नगर निगम अफसर एजेंसी से करवा रहे हैं। इसके लिए जगाधरी व यमुनानगर के वार्डों को अलग-अलग दो जोन में बांट नालों की सफाई हो रही है। वार्ड-1 से 11 का एक और वार्ड 12 से 22 को दूसरा जोन है। इस काम पर र निगम करीब 72 लाख रुपये खर्च रहा है।
इसके अलावा शहर के अन्य छोटे नालों की सफाई नगर निगम अपने स्तर पर कच्चे-पक्के सफाई कर्मियों से करवा रहा है। मई से जारी बड़े नालों की सफाई का पहला चरण पूरा हो चुका है, पर जगाधरी के श्री गौरी-शंकर मंदिर, रामलीला भवन, दुर्गा गार्डन, सेक्टर-17, प्रोफेसर कॉलोनी, लाजपत नगर, विजय कॉलोनी सहित कई प्वाइंट पर बड़े नाले में गंदगी देखी जा सकती है। इससे अलग अधिकांश छोटे नालों तो पूरी तरह गंदगी से अटे हैं।
आजाद नगर, दशमेश कॉलोनी, यमुना विहार सहित कई कॉलोनियों में सीवरेज की पाइप लाइनें मुख्य मार्ग के साथ लिंक गलियों में जाम हैं। कन्हैया साहिब चौक से जम्मू कॉलोनी तक शहर की सबसे बड़ी स्टॉर्म ड्रेन का काम भी पांच वर्षों से चांदपुर आरओबी के नीचे अधूरा है। मानसून से पहले सीवरेज, नालाें व ड्रेन के यह हालात देख शहर के लोग नगर निगम व जनस्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
लापरवाही बढ़ाएगी जलभराव की दिक्कत
विजय कॉलोनी के विकास जैन, टैगोर गार्डन के राहुल भान, सावनपुरी के चिराग सिंघल ने कहा कि एक ओर प्रोफेसर कॉलोनी, शक्ति नगर, टैगोर गार्डन, लाजपत नगर, विजय कॉलोनी व जसवंत कॉलोनी को जलभराव से बचाने के लिए स्टॉर्म ड्रेन पांच वर्षों में पूरी नहीं बन पाई है। बड़े-छोटे नाले व सीवरेज भी जाम हैं। निचले इलाकों में जलभराव होने पर निकासी के लिए पंप सेट भी नहीं पहुंचाए गए हैं। यह सब लापरवाही मानसून और उससे पहले की बारिश में शहर में जलभराव की दिक्कत बढ़ाएगी। इसे गंभीरता से लेकर नगर निगम व जनस्वास्थ्य विभाग के अफसरों को सभी जगह सीवरेज-नाले साफ करने के साथ ड्रेन का काम पूरा कराना चाहिए।
शहर में जलभराव की परेशानी न हाे, इसके लिए नगर निगम अफसरों को निर्देश दिए हैं कि बारिश से पहले सभी नाले-सीवरेज साफ कराएं और अधूरे निर्माण भी जल्द पूरे करें।- सुमन बहमनी, मेयर, यमुनानगर जगाधरी नगर निगम।