संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर डिवाइडर में बनाए गए अवैध कटों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। बढ़ते हादसों और शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने निर्णय लिया है कि अब इन अवैध कटों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बंद कराया जाएगा।
पुलिस टीम और एनएचएआई अधिकारियों के साथ मिलकर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।ज गाधरी में गुप्ता पैलेस के पास रादौर के पूर्व विधायक डॉ. बीएल सैनी के पेट्रोल पंप के सामने अवैध कट है। कई बार नेशनल हाईवे अधिकारियों को इन्हें बंद करने के लिए कहा गया, लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी। अधिकारियों का तर्क है कि स्थानीय लोग कटों को बंद नहीं होने देना चाहते हैं। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति के बाद अवैध कटों को बंद किया जाएगा।
थाना यातायात पुलिस ने भी पिछले साल अक्तूबर माह में सर्वे किया था जिसमें 19 अवैध मिले थे। इन कटों को बंद करने के लिए यातायात प्रबंधक और आरटीए की तरफ से नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी को पत्र लिख कर इन कटों को बंद करने को कहा था। इस वक्त सबसे ज्यादा अवैध कट जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर हैं।
जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर बूड़िया चौक एचडीएफसी बैंक के सामने, शर्मा धर्म कांटा, कपूर अस्पताल के सामने, कृष्णा मेटल के सामने, ग्रीन विहार कॉलोनी के सामने, धर्मपाल टिंबर के सामने, गुप्ता इंटरप्राइजिज कांटा के सामने, इंडियन पेट्रोल पंप के सामने, एचपी पेट्रोल पंप अग्रसेन चौक, गुप्ता पैलेस के सामने अवैध कट खुला हुआ है।
अवैध कट बंद करने का निर्णय लिया गया है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करके कट को बंद कराया जाएगा। - हैरतजीत कौर, जिला परिवहन अधिकारी, यमुनानगर।
हाईवे पर पूर्व विधायक के पेट्रोल पंप के सामने बना अवैध कट। संवाद