संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। (यमुनानगर)। हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में रादौर में आयोजित कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 2005 से 2014 के बीच गन्ने का भाव 117 से बढ़ाकर 310 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचाया। अबकी बार यदि फिर उनकी सरकार बनी तो यह भाव बढ़ाकर 450 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया जाएगा। उनके अनुसार मौजूदा सरकार ने गन्ने का भाव बढ़ाने के नाम पर बहुत ही मामूली वृद्धि की है। सरकार बताए कि जब बाजार में चीनी इतनी महंगी है तो सरकार किसानों को गन्ने का भाव कम से कम 450 रुपये क्विंटल क्यों नहीं दे रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी 90 विधानसभा हलकों में जन आक्रोश रैलियां आयोजित की जाएंगी, जिसकी शुरूआत आज रादौर से कर दी गई है। बाकायदा इसके लिए 11 सदस्यीय कमेटी का भी गठन किया है। उन्होंने कहा कि इस बात की टीस है कि 2014 से पहले तक जो हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, नौकरी देने में, कानून-व्यवस्था में नंबर एक था। वो हरियाणा आज विकास दर में 17वें नंबर पर पहुंच गया। मौजूदा सरकार ने जनता से बड़े-बड़े वायदे किए थे, जिनमें बुढ़ापा पेंशन 5100 रुपये करना, किसान को एमएसपी पर खरीद की गारंटी देना, उनकी आय दोगुनी करना, हर जिले में मेडिकल कॉलेज बनाना, इत्यादि मगर नौ साल बाद आज भी व्यक्ति खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
छह हजार करेंगे बुढ़ापा पेंशन, 500 रुपये का देंगे सिलिंडर : उदयभान
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसान को एमएसपी की कानूनी गारंटी देने की बात पार्टी के रायपुर में हुए महाधिवेशन में कही है। इसके अलावा प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने पर बुढ़ापा पेंशन देश में सबसे ज्यादा 6000 रुपये करेंगे। राजस्थान की तर्ज पर 500 रुपये में प्रति रसोई गैस सिलिंडर, कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कमी, गरीबों को 100-100 गज के मुफ्त प्लॉट इत्यादि लाभ दिए जाएंगे। प्रदेशाध्यक्ष के अनुसार इस सरकार ने न केवल प्रदेश पर कर्ज का बोझ बहुत ज्यादा बढ़ा दिया है बल्कि परिवार पहचान पत्र को हथियार बनाकर कई पेंशन लाभार्थियों की पेंशन काट दी है।
अगले साल रादौर में ही करेंगे विजय रैली : दीपेंद्र हुड्डा
रैली को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज रादौर में जन आक्रोश रैली हो रही है, लेकिन अगले साल हरियाणा दिवस पर यहीं विजय रैली करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर लोकसभा व विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आचार संहिता का कुल समय निकाल दिया जाए, तो मौजूदा सरकार के पास केवल करीब 7 महीने का समय बचा है। उनके अनुसार बीजेपी-जेजेपी सरकार में हरियाणा की दुर्दशा किसी से छुपी नहीं है। इस सरकार ने प्रदेश को बेरोजगारी के गर्त में धकेल दिया। इस मौके पर कार्यक्रम का आयोजन विधायक बीएल सैनी ने किया था। जन आक्रोश रैली के दौरान इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के भाई गुरबाज सिंह संधु पहलवान अपने साथियों के साथ इनेलो छोड़कर कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए।