संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अपराध शाखा -1 की टीम द्वारा गत दिनों बरामद दो किलो अफीम के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए थे। मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इंचार्ज केवल सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए अफीम के मुख्य सप्लायर उत्तराखंड के जिला उत्तरकाशी के गांव लोदान निवासी अरविंद को गिरफ्तार किया है।
आरोपी ढाबा संचालक है और आरोपी को विकास नगर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पकड़ी गई अफीम की खेप का मुख्य तस्कर है। इससे पहले उनकी टीम ने देवघर निवासी ब्रह्मपाल को 600 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा था। जिसने बताया था कि वह अफीम उत्तराखंड के ख़यारसी निवासी नरेंद्र से लेकर आया था।
जब नरेंद्र को पकड़ा तो उसके पास से एक किलो 400 ग्राम अफीम मिली थी। नरेंद्र ने बताया था कि दोनों ही मामलों में वह अफीम अरविंद से लेकर आया था। टीम ने कार्रवाई करते हुए अरविंद को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।