संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल को 31 मार्च से पहले 7.60 करोड़ रुपये के मेडिकल उपकरण मिलेंगे। यह उपकरण पावर ग्रिड की तरफ से सीएसआर फंड के तहत उपलब्ध कराए जाएंगे। सबसे ज्यादा सामान अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर और आईसीयू के लिए होगा। इससे अस्पताल में बंद पड़े आईसीयू शुरू होने की संभावना बढ़ गई है। उपकरण आने से मरीजों को फायदा होगा।
जिले में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से करीब 40 करोड़ रुपये के मेडिकल उपकरण सीएसआर फंड के तहत मुहैया कराने के लिए पावर ग्रिड गुरुग्राम से मांग की गई थी। पावर ग्रिड को सीएसआर फंड के तहत सामाजिक सरोकार के कार्य कराने होते हैं। पावर ग्रिड के अधिकारियों ने 40 करोड़ के बजाय सात करोड़ 60 लाख रुपये के मेडिकल उपकरण जिला अस्पताल को देने की बात कही थी।
जिला अस्पताल के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. अनूप गोयल काफी समय से इसके लिए प्रयास कर रहे थे। उन्होंने सिविल सर्जन के माध्यम से इसका प्रस्ताव डीसी को भेजा था। डॉ. गोयल ने बताया कि पावर ग्रिड की ओर से सीएसआर फंड से अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर के लिए ओटी टेबल, एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन, कॉटरी, वैसल सीलर, सियाम मशीन समेत अन्य उपकरण मुहैया कराए जाएंगे। इसी तरह बंद पड़े आईसीयू के लिए इंफ्यूजन पंप, मॉनीटर, एबीजी मशीन समेत अन्य उपकरण मिलेंगे।
आईसीयू बंद, पीजीआई करते हैं रेफर
प्रदेश सरकार ने 105 करोड़ रुपये 200 बेड का जिला नागरिक अस्पताल बनाया है। आगामी मई माह में अस्पताल का उद्घाटन हुए दो साल पूरे हो जाएंगे। अस्पताल का नया भवन पांच मंजिला भले ही बन गया हो, लेकिन अभी तक इसमें आईसीयू शुरू नहीं हो पाया है। आईसीयू नहीं होने से मरीजों काफी परेशानी हैं।
अस्पताल में भर्ती मरीजों की तबीयत थोड़ी सी खराब हुई नहीं की डॉक्टर उन्हें उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर देते हैं। अस्पताल में आईसीयू न होने से मरीजों को हो रही परेशानी की समस्या को अमर उजाला समय-समय पर उठाता रहता है। अगले माह मेडिकल उपकरण आने के बाद आईसीयू के जल्द शुरू होने की उम्मीद है।