संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि मैं यमुनानगर में मंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि स्वच्छता प्रहरी के रूप में आया हूं। स्वच्छता किसी अन्य व्यक्ति की जिम्मेवारी नहीं, यह हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। हम अपने आसपास को साफ रख कर शहर को सुंदर बनाने की जिम्मेवारी लें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता की यही मुहिम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चला रहे हैं। ऐसे में हम सब मिलकर शहर को स्वच्छ बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यमुनानगर में स्वागत करें। मंत्री मंगलवार को औद्योगिक क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर शुरू किए गए विशेष स्वच्छता अभियान पर आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे।
इससे पहले कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, मेयर सुमन बहमनी, नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा, अतिरिक्त निगमायुक्त धीरज कुमार व निगम पार्षदों के साथ मिलकर सब्जी मंडी में झाड़ू लगाकर सफाई की और कचरे को अपने हाथों से उठाकर डस्टबिन के माध्यम से निगम के वाहनों में डाला।
साथ ही राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुरानी सब्जी मंडी की छात्राओं की ओर से निकाली गई स्वच्छता रैली व प्रधानमंत्री सेल्फी प्वाइंट का अवलोकन किया। मंत्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग 12 साल बाद 14 अप्रैल को यमुनानगर में आ रहे है। जब मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने थे, तब उन्होंने दिल्ली के लाल किले से स्वच्छ भारत बनाने का आह्वान किया था। इस सामाजिक संदेश को उन्होंने एक मुहिम एवं क्रांति बनाने का काम किया।
कोई सोच नहीं सकता था कि देश में 12 करोड़ शौचालय बनेंगे। लेकिन यह काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को स्वच्छ बनाने के लिए करके दिखाया। उन्हीं के नक्शे कदम पर चलते हुए हरियाणा राज्य में लाखों शौचालय बनाकर प्रदेश को खुले में शौच मुक्त बनाने का काम हमारी सरकार ने किया। स्वच्छता एक दिन का काम नहीं है। यह रोजाना का कार्य है।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में स्वच्छता की क्रांति लाई है। हम भी शहर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लें। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि स्वच्छता को फैलाने में जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक संकल्प के साथ कार्य किया था कि देश को स्वच्छ बनाना है और स्वच्छता के अभियान को चलाना है। इस मौके पर अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, पूर्व मेयर मदन चौहान, भाजपा महामंत्री कृष्ण सिंगला आदि मौजूद रहे।