संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले के 25 केंद्रों पर शनिवार व रविवार को कुल 14,875 अभ्यर्थी एचटेट की परीक्षा देंगे। शनिवार को परीक्षा दोपहर तीन से शाम साढ़े पांच बजे तक होगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा को लेकर शुक्रवार को अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अंतिम जायजा लिया। इसे लेकर प्रशासन की ओर से सुविधा और सुरक्षा को लेकर कड़े बंदोबस्त किए हैं।
एचटेट के लिए रोडवेज ने अंबाला, कुरुक्षेत्र व करनाल के लिए 10-10 अतिरिक्त बसें चलाई हैं। इसके साथ यमुनानगर बस अड्डे पर 15 और जगाधरी पर 10 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो अभ्यर्थियों को बसों की जानकारी देंगे। वहीं, रोडवेज ने कार्यालय में काम कर रहे चालकों व परिचालकों की दो दिन के लिए ड्यूटी परीक्षा में लगाई है।
परीक्षा के लिए सुबह दस से रात 12 बजे तक बस सेवा संचालित रहेगी। दूसरी तरफ सुरक्षा की दृष्टि से सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़े बंदोबस्त किए हैं। इसके लिए चार डीएसपी सहित सभी थाना प्रभारी के साथ 550 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं, डायल 112 की गाड़ियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परिवहन, मार्ग या अन्य किसी प्रकार की समस्या आती है तो वह डायल-112 पर संपर्क कर सहायता ले सकता है। जरूरत पड़ने पर डायल-112 की टीम अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में भी सहयोग करेगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमैट्रिक सत्यापन और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है।
परीक्षा को लेकर शुक्रवार को अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लता बक्शी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अशोक राणा और रामाकांत ने केंद्रों का निरीक्षण किया। यहां बिजली, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पार्किंग इत्यादि मूल सुविधाओं का जायजा लिया। सभी केंद्रों पर आपातकाल के लिए एंबुलेंस, दमकल की गाड़ियां तैनात की गई हैं।
25 केंद्रों पर 14,875 अभ्यर्थी पंजीकृत
शनिवार को सायंकालीन सत्र में लेवल-3 की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। वहीं रविवार को प्रात:कालीन सत्र में लेवल-2 की परीक्षा सुबह दस से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। सायंकालीन सत्र में लेवल-1 की परीक्षा दोपहर तीन से शाम 5:30 बजे तक होगी। लेवल-3 में कुल 4935 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। वहीं, लेवल-2 में 7559 तथा लेवल-1 में 2381 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए विभिन्न कॉलेज व विद्यालयों में कुल 25 केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर 14,875 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।