- जगाधरी अनाज मंडी में हुआ कार्यक्रम, कृषि मंत्री कंवरपाल ने जगाधरी, करनाल व पिंजौर के लाभार्थियों को वितरित किए पत्र
- मंत्री बोले, सरकार का उद्देश्य हर सिर को मिले छत, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजना का लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री कंवरपाल ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत जगाधरी, करनाल व पिंजौर के 4203 लाभार्थियों को अलॉटमेंट लेटर वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य है कि हर सिर को छत मिले और प्रदेश के अंतिम व्यक्ति को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले।
बुधवार को जगाधरी की अनाज मंडी में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत लाभार्थियों को प्रोविजनल अलॉटमेंट लेटर वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री कंवरपाल मुख्य अतिथि और यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्य अतिथि द्वारा जगाधरी के 3139, करनाल के 521 और पिंजौर के 543 लाभार्थियों को अलॉटमेंट लेटर वितरित करने की शुरुआत तीनों स्थानों के 50 लाभार्थियों को अलॉटमेंट लेटर देकर की। इस दौरान मंच पर यमुनानगर के 14, करनाल के 20 और पिंजौर के 16 लाभार्थियों को लेटर वितरित किए गए। बाकी लाभार्थियों को नाम के पहले अक्षर के आधार पर लगाए गए 13 काउंटर पर लेटर दिए गए। लेटर पाकर लाभार्थियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
कृषि मंत्री कंवरपाल ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार गरीब परिवार को मुख्यधारा में लाने का प्रयास कर रही है। जिस व्यक्ति के पास अपना मकान नहीं है, उसके सपने को साकार करने के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में प्लॉट अलॉटमेंट लेटर वितरित किए जा रहे है। कुछ ही समय पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करीब 9000 ग्रामीण लोगों को उनके सौ-सौ गज के प्लाटों के मालिकाना हक के पत्र दिए और आज प्रदेश के 14 शहरों के 15250 लाभार्थियों को प्लॉट दिए गए। जो कि अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जिस गांव में पंचायती जमीन नहीं है, उस गांव में गरीब व्यक्ति को प्लॉट खरीदने के लिए एक लाख रुपये देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि हैप्पी योजना के तहत गरीब व्यक्ति 1000 किलोमीटर हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। श्रमिकों के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने अनेक घोषणाएं की हैं और इन घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए 80 करोड़ रुपये भी तुरंत मंजूर किया है। बिजली का बिल कम करने के लिए भी मुख्यमंत्री ने गरीब परिवारों के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का निर्णय लिया है।
मंत्री कंवरपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि 2047 में भारत विकसित देश बने। जिसकी शुरुआत हो चुकी है। भारत तभी विकसित बनेगा जब देश में गरीबों का उत्थान होगा, हर गरीब के सिर पर छत होगी। घर-घर शौचालय होंगे, सभी को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी, बिना भेदभाव के विकास कार्य होंगे, सभी को पीने का पानी मिलेगा। इसके लिए सरकार कार्य कर रही है। हरियाणा एक-हरियाणवी एक के तरीके से प्रदेश में समान विकास करवाए जा रहे है।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गरीब के उत्थान के लिए बीड़ा उठाया है, हर गरीब को सरकार की योजना का लाभ मिले, इसके लिए लगातार प्रयास है। उन्होंने जनता से अपील की है कि सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं। हरियाणा शहरी आवास योजना के तहत नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी क्षेत्र के 3139 लाभार्थियों को अलॉटमेंट लेटर वितरित किए गए।