संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। उप नागरिक अस्पताल की रिसेप्शन पर पहुंच कर एक व्यक्ति ने मरीज के बारे जानकारी मांगी। लेकिन उसे वह जानकारी नहीं मिली। चूंकि रिस्पेशन पर बैठा कौशल निगम का कर्मचारी अपने मोबाइल फोन में व्यस्त था। इस पर उस व्यक्ति ने कर्मचारी से वहीं प्रश्न दोहराया, लेकिन कर्मचारी ने अनसुना कर दिया।
इसके बाद व्यक्ति ने कर्मचारी से रिसेप्शन पर उसकी ड्यूटी के बारे पूछा तो भी उसने सही जवाब नहीं दिया। जिसके बाद वहां सिविल सर्जन पहुंच गए और कर्मचारी की सेवाएं निरस्त कर दी। इसके बाद वहां कर्मचारियों को पता चला कि रिसेप्शन पर पहुंचा व्यक्ति सामान्य नहीं बल्कि हरियाणा स्वास्थ्य सेवाओं का महानिदेशक डॉ. रणदीप सिंह पूनिया हैं।
वहीं इस दौरान एएनएम सरोज की कार्यप्रणाली और मरीजों व लोगों से व्यवहार देखा तो अधिकारियों को उन्हें सम्मानित करने के आदेश दिए। महानिदेशक ने एएनएम सरोज को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने के आदेश सिविल सर्जन को दिए। महानिदेशक ने उप नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया। महानिदेशक ने अस्पताल की व्यवस्था व कर्मचारियों की कार्यप्रणाली के बारे जानकारी ली।
उन्होंने नागरिक अस्पताल का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सिविल अस्पताल में आपातकालीन विभाग व रक्त कोष विभाग का निरीक्षण किया। प्रधान चिकित्सा अधिकारी दिव्या मंगला ने महानिदेशकों अस्पताल का दौरा करवाया। यहां महानिदेशक डाॅ. आरएस पूनिया ने कहा कि विभाग नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए लगातार प्रयोग व सुधार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य अधिकारियों कर्मचारियों को मरीजों के प्रति सहज व सहायक होना चाहिए। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों का कर्तव्य है कि वे मरीजों की समस्याओं का निदान करें। मरीजों के प्रति लापरवाही बरतने वाले किसी अधिकारी व कर्मचारी के प्रति सहानुभूति नहीं बरती जाएगी। इसके साथ उन्होंने सभी को निर्देशानुसार वर्दी पहने के आदेश दिए। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि महानिदेशक ने अस्पताल में बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं।