यमुनानगर। जिला नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीज चोरियों से परेशान हैं। चोरों को पुलिस का कोई डर नहीं है। जिस पुलिस का खौफ होना चाहिए उनकी चौकी जिला अस्पताल में सबसे पीछे बनाई गई है। चोर अस्पताल से क्या सामान उठाकर ले जा रहे हैं इसका पुलिस को पता भी नहीं चलता।
अस्पताल में आए दिन चोरियां करने वाले चोरों के हौंसले पूरी तरह से बुलंद हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में अस्पताल से मरीजों की बाइक भी चोरी हो जाते थे। अस्पताल में पुलिस चौकी खोलने के लिए एसपी को पत्र लिखा गया था। एसपी ने अस्पताल में पुलिस चौकी खोलने की मंजूरी दे दी थी।
जिस जगह पर चौकी खोली गई उसका स्वास्थ्य विभाग और इसमें आने वाले मरीजों को कोई फायदा नहीं हुआ। क्योंकि चौकी खुलने के बावजूद अस्पताल में चोरियां होने का सिलसिला लगातार जारी है। चौक अस्पताल में सबसे पीछे खोली गई है। जबकि चौकी आगे होनी चाहिए ताकि चोर अस्पताल पुलिस के डर से प्रवेश ही न कर पाएं।
जिला नागरिक अस्पताल से अब तक लाखों रुपये का सामान चोरी हो चुका है। अस्पताल के स्टोर से दर्जनों की संख्या में ऑक्सीजन गैस सिलिंडर, डॉक्टरों की पंचिंग मशीन, अस्पताल में लगे दरवाजे, शौचालयों के नल, खिड़कियों समेत अन्य सामान चोरी करके ले जा चुके हैं। इतना ही नहीं ट्रामा सेंटर का एक भारी भरकम जनरेटर भी उस समय चोरी हो गया था जब 200 बेड के अस्पताल का निर्माण कार्य चल रहा था।
मरीज और तीमारदारों की कई बाइक अस्पताल से उठ चुकी हैं। यदि पुलिस चौकी अस्पताल में मुख्य गेट के आसपास हो तो चोरों को इस बात का भय रहेगा कि कहीं चोरी के सामान या बाइक के साथ वह पकड़े न जाएं। संवाद